बुलंदशहर, डस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना अहमदगढ़ क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आशीष और कशिश के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। आशीष ने शनिवार को फोन पर कशिश को किसी दूसरी लड़की से अपनी सगाई की सूचना दी। यह सुनते ही कशिश आक्रोश में आकर सीधे आशीष के घर पहुंच गई। वहां पहुंचकर दोनों के बीच जमकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते उग्र विवाद में बदल गई।
आरोप है कि इसी दौरान आशीष और उसके भाई ने मिलकर कशिश पर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मामले से पुलिस को अवगत कराया गया। घायल कशिश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ शिकारपुर शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को थाना अहमदगढ पर एक युवती के झुलस जाने की सूचना प्राप्त हुई। इस सूचना पर तत्काल थाना अहमदगढ व डॉयल 112 पुलिस मौके पर पहुची। प्रथम दृष्टया इस प्रकरण में यह तथ्य संज्ञान में आये हैं कि युवती का एक युवक के साथ काफी लम्बें समय से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। युवती को जब यह बात पता चली कि युवक की शादी कही ओर तय की जा रही हैं तो युवती, युवक के घर पर पहुंची जहां पर युवक एवं उसके भाई द्वारा युवती से कहासुनी की गयी तथा युवती के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया। इस सम्बन्ध में थाना अहमदगढ पर तहरीर प्राप्त कर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा हैं तथा घटना के सभी पहलूओं पर जांच की जा रही हैं।
सगाई की खबर से प्रेमिका आग बबूला, प्रेमी और उसके भाई ने युवती पर डाला ज्वलनशील पदार्थ
RELATED ARTICLES



