बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): हरियाणा के गुरुग्राम में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बुलंदशहर के छतारी क्षेत्र के एक ही गांव के तीन मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीन मौतों की खबर से सरभन्ना गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, थाना छतारी क्षेत्र के सरभन्ना गांव के कुछ मजदूर गुरुग्राम में रहकर काम करते थे। देर रात द्वारका एक्सप्रेसवे पर श्रीराम चौक के पास मजदूर सड़क के डिवाइडर पर लोहे की सेफ्टी ग्रिल लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही एक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बिजेंद्र और ओमप्रकाश उर्फ पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सतीश ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रामकुमार और कार चालक वेदान खत्रा भी हादसे में घायल हुए हैं। रामकुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया। एक ही गांव के तीन मजदूरों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
द्वारका एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बुलंदशहर जिले के तीन मजदूरों की मौत
RELATED ARTICLES


