बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के एक गांव में परिषदीय स्कूल की आठ छात्राओं से छेड़छाड़ करने के मामले में आरोपी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर घूम रहा है जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं सीओ अनूपशहर विकास प्रताप चौहान ने बुधवार को छात्राओं के घर जाकर उनके बयान दर्ज किए।
आपको बता दें कि छात्राओं का आरोप है कि प्रधानाध्यापक मनोज कुमार विद्यालय में पढ़ाई के दौरान छात्राओं से छेड़छाड़ करता था। छात्राओं ने डर के कारण किसी को कुछ नहीं बताया। छात्राओं का एडमिशन दूसरे विद्यालय में होने के बाद उन्होंने मामले से परिजनों को अवगत कराया। इसके बाद परिजन भड़क उठे थे और मंगलवार को स्कूल परिसर में पहुंचकर हंगामा किया था। जहां परिजनों ने प्रधानाध्यापक को जमकर पीटा। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और आरोपी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कड़ी कार्यवाही की मांग की। पुलिस ने प्रधानाध्यापक मनोज कुमार के खिलाफ छेड़छाड़, पाक्सो और एससीएसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को लेते हुए दो टीमों का गठन किया है और आरोपी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा।
पढ़ाई की आड़ में प्रधानाध्यापक छात्राओं से करता था छेड़छाड़, गिरफ्तारी के लिए दबिश
RELATED ARTICLES



