बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में सावन माह की कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में मेरठ मंडल के कमिश्नर भानु चन्द्र गोस्वामी और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने मंगलवार को छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध अनूपशहर गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सड़क, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
कमिश्नर और डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।


