बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र में गणेश चतुर्थी से पहले प्राचीन गणेश मंदिर में बड़ा हादसा टल गया। लगभग 200 साल पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर में कलई की पुताई के दौरान बरामदे की छत का करीब 4 इंच मोटा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि जिस वक्त छत का हिस्सा गिरा, उस समय नीचे कोई मौजूद नहीं था। अगर श्रद्धालु वहां होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
आपको बता दें कि 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के मौके पर मंदिर में विशाल मेले का आयोजन होना है, जिसमें 5 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मंदिर की जर्जर छत को लेकर श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ गई है।
मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, जिस बरामदे की छत का हिस्सा गिरा है उसका निर्माण लगभग 70 साल पहले कराया गया था। हादसे के बाद जांच में छत के अंदर लगी लोहे की सरिया पूरी तरह गल चुकी है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि करीब तीन महीने पहले भी मंदिर के बाहर छत का एक हिस्सा गिर चुका है। ऐसे में गणेश चतुर्थी के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में तत्काल सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की जा रही है। नगर पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल ने बताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए ‘वंदन योजना’ के तहत शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
कार लीज़ पर लेने हेतु संपर्क करें: 7906175311, नई गाड़ी 50% कीमत पर ले जाएं



