बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के राजघाट क्षेत्र में एक ई-रिक्शा चालक ने अपनी अनूठी पहल से मानवता की मिसाल पेश की है। ई-रिक्शा चालक नवाब ने घोषणा की है कि यदि रात के समय किसी ग्रामीण की अचानक तबीयत खराब हो जाती है, तो वह राजघाट से नरोरा और डिबाई तक मरीजों को पूरी तरह निशुल्क अस्पताल पहुंचाएंगे। इस सेवा की जानकारी देने के लिए नवाब ने अपने ई-रिक्शा पर एक पोस्टर भी लगाया है, जिस पर लिखा है, “गांव में अगर रात में अचानक से किसी की तबीयत खराब होती है तो राजघाट से नरोरा व डिबाई तक किराया फ्री है।” साथ ही उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता के लिए अपना मोबाइल नंबर 9758070924 भी साझा किया है, ताकि आपात स्थिति में लोग सीधे उनसे संपर्क कर सकें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय एंबुलेंस या अन्य साधनों की कमी के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी दिक्कत होती थी। नवाब की इस पहल से अब जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। नवाब का कहना है कि “सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। पैसा कमाना जरूरी है, लेकिन किसी की जान बचाने से बढ़कर कुछ नहीं।” इसी सोच के साथ उन्होंने रात में जरूरतमंद मरीजों को बिना किसी किराए के अस्पताल पहुंचाने का संकल्प लिया है। नवाब की इस मानवीय पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। स्थानीय लोग इसे सच्ची मानव सेवा बताते हुए कह रहे हैं कि समाज में ऐसे प्रयास दूसरों के लिए भी प्रेरणा बनते हैं।
राजघाट के ई-रिक्शा चालक नवाब बने मानवता की मिसाल, रात में मरीजों को देंगे मुफ्त अस्पताल पहुंचाने की सेवा
RELATED ARTICLES


