बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के गांव पुटी नसीराबाद स्थित खुटेल फार्म हाउस पर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन की पंचायत आयोजित हुई। पंचायत में संगठन के पदाधिकारियों और क्षेत्र के किसानों ने स्थानीय समस्याओं को लेकर अपनी आवाज उठाई और एक अक्टूबर को औरंगाबाद थाने में महापंचायत करने का निर्णय लिया है।
आपको बता दें कि भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश मुख्य महासचिव गुड्डू प्रधान ने आरोप लगाया कि औरंगाबाद थाना क्षेत्र में हरे पेड़ों का कटान किया जा रहा है। साथ ही अधिकारियों की मिलीभगत से रात-दिन खनन किए जाने का आरोप भी लगाया गया। पंचायत में पुलिस की मिलीभगत से गांवों में शराब की बिक्री बढ़ने का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने कहा कि औरंगाबाद क्षेत्र में हाईवे किनारे हो रहे अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है और इससे क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने क्षेत्र में आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि जिम्मेदार लोगों द्वारा समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इसी को देखते हुए एक अक्टूबर को औरंगाबाद में महापंचायत का निर्णय लिया गया है। बैठक में अमरपाल प्रधान, पप्पू सिंह, गुलवीर सिंह, मुकेश लोधी, आदित्य सिंह, दयाचंद सिंह, अनुज लोधी, अंकित लोधी, नेमपाल सिंह, हरवीर सिंह और सुरेंद्र सक्सेना समेत कई लोग मौजूद रहे।
एक अक्टूबर को होगी औरंगाबाद थाने में महापंचायत
RELATED ARTICLES


