बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में हाईवे-34 पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कैलाश अस्पताल कट के पास कार ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय शारदा देवी की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बेटे का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा बेटे का अस्पताल में उपचार जारी है।
आपको बता दें कि हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र के गांव परपा निवासी शारदा देवी अपने बेटे के साथ अलीगढ़ जिले के गांव जेहराना में अपनी बीमार मां से मिलने गई थीं। मां से मुलाकात के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान खुर्जा क्षेत्र में हाईवे-34 स्थित कैलाश अस्पताल कट के पास उनकी बाइक को कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मां-बेटे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान शारदा देवी की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची खुर्जा नगर पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल बेटे का इलाज जारी है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।
खुर्जा: हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से हापुड़ जिले निवासी मां की मौत, बेटा गंभीर घायल
RELATED ARTICLES


