बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना छतारी क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में घर में अकेली रह रही 56 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के अंदर सीढ़ियों के पास पड़ा मिला। गले पर निशान देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान रामवती पत्नी स्वर्गीय ओमप्रकाश के रूप में हुई है। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे उनकी 10 वर्षीय पोती रीना ने घर में दादी का शव देखा और परिजनों को इसकी जानकारी दी। बाहर नौकरी कर रहे बेटे गुरुवार सुबह गांव पहुंचे। परिजन दाह संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी उनकी नजर रामवती के गले पर बने निशानों पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी और मामले की जांच की मांग की। सूचना पर सीओ डिबाई मधुप कुमार सिंह और थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बुलंदशहर भेज दिया है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
सभी तरह की कॉपी, रजिस्टर व छात्रों के लिए स्कूल डायरी खरीदने के लिए संपर्क करें कनिष्क एंटरप्राइजेज: 9927072050



