बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): बुलंदशहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन ने शुक्रवार को अवैध टैक्सी स्टैंडों के खिलाफ अभियान चलाया। परिवहन मुख्यालय के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने शहर में दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध टैक्सी स्टैंड हटवाए।
आपको बता दें कि संयुक्त टीम में नगर मजिस्ट्रेट, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), क्षेत्राधिकारी यातायात और नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले पुरानी जेल के पास और इसके बाद काला आम स्थित अल्पना सिनेमा हॉल के सामने पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान दोनों स्थानों पर संचालित अवैध टैक्सी स्टैंडों के खिलाफ अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाए और जिन स्थानों से अवैध स्टैंड हटाए गए हैं, वहां दोबारा इनका संचालन न होने दिया जाए।
प्रशासन के मुताबिक, अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में लगने वाले जाम से राहत दिलाना, यातायात व्यवस्था बेहतर करना और अवैध टैक्सी स्टैंडों के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानी रोकना है।
बुलंदशहर: अवैध टैक्सी स्टैंडों पर प्रशासन का एक्शन, दो जगहों से हटाए गए स्टैंड
RELATED ARTICLES


