Tuesday, August 18, 2026
HomeFeaturedANUPSHAHR NEWS || अनूपशहर खबर16 वर्षीय किशोरी ने दिया बच्चे को जन्म, नगर पालिका में जन्म...

16 वर्षीय किशोरी ने दिया बच्चे को जन्म, नगर पालिका में जन्म प्रमाण पत्र के आवेदन पर हुआ मामला उजागर


बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के अनूपशहर नगर में महज 16 वर्षीय किशोरी ने मई महीने में एक बच्चे को जन्म देने का मामला सामने आया है। मामला उस समय सामने आया, जब बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र के लिए नगर पालिका में आवेदन किया गया। आवेदन के साथ लगाए गए दस्तावेजों की जांच में किशोरी की उम्र करीब 16 वर्ष सामने आई।
जानकारी के मुताबिक, अनूपशहर की एक कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय युवक की शादी पंजाब निवासी 16 वर्षीय किशोरी से हुई थी। प्रसव पीड़ा होने पर किशोरी को 26 मई को अनूपशहर बस अड्डा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अगले दिन 27 मई की सुबह उसने एक पुत्र को जन्म दिया। जुलाई में परिजनों ने बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र के लिए नगर पालिका में आवेदन किया। आवेदन के साथ लगाए गए आधार कार्ड में बच्चे की मां की जन्मतिथि 2 फरवरी 2010 दर्ज थी। दस्तावेज सामने आने के बाद किशोरी की उम्र करीब 16 वर्ष होने की पुष्टि हुई। मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग तक पहुंची तो अधिकारियों ने जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय को अवगत कराया। जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय ने प्रथम दृष्टया इसे बाल विवाह मानते हुए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
निजी अस्पताल की भूमिका भी जांच के घेरे में
मामले में नाबालिग का प्रसव कराने वाले निजी अस्पताल की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि किशोरी की उम्र कम होने के बावजूद अस्पताल की ओर से पुलिस या स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना नहीं दी गई। अब मामले में अस्पताल संचालक की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच किए जाने की बात सामने आई है। नगर पालिका के ईओ डॉ. अश्विनी कुमार ने बताया कि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के आवेदन जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग को भेजे जाते हैं। वहीं सीएमओ डॉ. सुनील कुमार ने पुष्टि की कि नगर पालिका से जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित पत्र प्राप्त हुआ था। जांच में बच्चे की मां की उम्र करीब 16 वर्ष पाए जाने के बाद मामले को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय भेज दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments