बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के डिबाई क्षेत्र में नेशनल हाईवे-509 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नीम नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल पर लोहे की चादरों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसके अंदर ही फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। निर्माणाधीन पुल पर हुए इस हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। डिबाई कोतवाली क्षेत्र में NH-509 पर हुए इस हादसे ने निर्माणाधीन पुल पर यातायात की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
निर्माणाधीन पुल का डिवाइडर तोड़कर नीचे गिरा लोहे की चादरों से भरा ट्रक, केबिन में फंसा चालक
RELATED ARTICLES


