बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के दानपुर ब्लॉक की न्याय पंचायत जिरौली के अंतर्गत ग्राम भिमगढ़ी के पास अलीगढ़-अनूपशहर हाईवे पर सोमवार को दो नन्हे कांवड़ियों को देखकर ग्रामीण हैरान रह गए। महज 8 और 10 वर्ष की उम्र के दोनों सगे भाई अनूपशहर से गंगाजल लेकर जिला अलीगढ़ के गभाना क्षेत्र की ओर कांवड़ यात्रा पर निकले थे।
ग्रामीणों से बातचीत में बच्चों ने बताया कि वे सगे भाई हैं। बड़े भाई 10 वर्षीय रवि और छोटे भाई 8 वर्षीय अरुण हैं। दोनों ने बताया कि वर्ष 2024 में सड़क हादसे में उनके पिता का निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद दोनों भाइयों ने अपनी मां और दादी से अनूपशहर जाकर गंगाजल लाने की इच्छा जताई।
इसके बाद दोनों भाई अकेले ही कांवड़ यात्रा पर निकल पड़े। बच्चों ने बताया कि यह उनकी पहली कांवड़ यात्रा है और भोले बाबा के लिए गंगाजल लेकर जाने में उन्हें बेहद खुशी हो रही है। दोनों ने कहा कि यदि भोले बाबा की कृपा रही तो वे हर साल कांवड़ लेकर आएंगे।
जिरौली क्षेत्र में पहुंचने पर ग्राम प्रधान के पुत्र संतोष कुमार ने दोनों नन्हे कांवड़ियों को रोककर उनका स्वागत किया और उनका उत्साह बढ़ाया। आसपास मौजूद ग्रामीण भी बच्चों की श्रद्धा, हिम्मत और भोले बाबा के प्रति आस्था देखकर भावुक नजर आए और उनकी सराहना की। स्वागत के बाद दोनों भाई कांवड़ लेकर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारे लगाते हुए अपनी मंजिल की ओर रवाना हो गए। इतनी कम उम्र में दोनों भाइयों की आस्था और साहस क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पिता के निधन के बाद दो नन्हे भाई निकले कांवड़ यात्रा पर, 8 व 10 साल की उम्र में उठाई गंगाजल की कांवड़
RELATED ARTICLES


