बुलंद शहर, डेस्क (जय यात्रा): कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुलंदशहर जिले के अनूपशहर में आयोजित होने वाले गंगा स्नान मेले में श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी अस्पताल बनाया जाएगा। इसके साथ ही गंभीर मरीजों के उपचार के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि गंगा मेले के लिए सरकारी चिकित्सालयों से करीब 10 विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों के अवकाश पर भी रोक लगा दी गई है, ताकि मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की बाधा न आए। उन्होंने बताया कि मेले के लिए 10 सदस्यीय मेडिकल टीम का गठन किया गया है, जो 23 नवंबर की सुबह से 24 नवंबर की शाम तक श्रद्धालुओं को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा एक एसएमओ को नोडल अधिकारी नामित कर जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अन्य गंगा घाटों पर भी जल्द चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। वहीं, मेला क्षेत्र में मच्छरों और संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए जिला मलेरिया अधिकारी को मेला अवधि तक कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि गंगा स्नान मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।
अनूपशहर: गंगा मेले में बनेगा अस्थायी अस्पताल, 10 सदस्यीय मेडिकल टीम रहेगी तैनात
RELATED ARTICLES


