बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए डीएवी फ्लाईओवर के पास स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर धावा बोल दिया। शनिवार रात करीब 10 बजे कार सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर तैनात सुपरवाइजर को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और गल्ले में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने अन्य कर्मचारियों को भी धमकाया और काम जारी रखने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। वारदात के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों में एक व्यक्ति पहले इसी पेट्रोल पंप पर सुपरवाइजर के पद पर काम कर चुका है। ऐसे में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वारदात की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए पेट्रोल पंप पर कामकाज बंद कर दिया। इसके चलते पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बिक्री पूरी तरह ठप हो गई। ईंधन भरवाने पहुंचे वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा और उन्हें दूसरे पेट्रोल पंपों का रुख करना पड़ा। घटना के समय पेट्रोल पंप मालिक के मौके पर नहीं पहुंचने से भी कर्मचारियों में नाराजगी देखने को मिली। लूट की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और सीओ सिटी प्रखर पांडेय मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पेट्रोल पंप सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
हापुड़ में गेटेड टाउनशिप प्लॉट मात्र 16 हजार में शुरू : 9899722241



