बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना स्याना में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। वैरा रोड स्थित एक कॉलोनी में डंपर से डस्ट उतारते समय अचानक पोल गिर गया। इसकी चपेट में आने से डंपर के 28 वर्षीय परिचालक शाहबाज खान की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, संभल जिले के सराय तरीन निवासी शाहबाज खान रामपुर के अजीतपुर से डंपर में डस्ट लेकर स्याना पहुंचा था। वैरा रोड स्थित एक कॉलोनी में डस्ट उतारने के दौरान अचानक पोल गिर गया, जिसकी चपेट में आकर शाहबाज गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी रामनारायण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। हादसे की असली वजह जानने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस डंपर चालक से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पोल किन परिस्थितियों में गिरा।



