बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर में बिजली विभाग की लापरवाही के आरोपों के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। महाराजा अग्रसेन स्कूल के पास हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से 14 वर्षीय छात्र अभय कुमार की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के वक्त छात्र अपनी मां और छोटी बहन के साथ बाजार जा रहा था। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को अभय कुमार अपनी मां ललतेश और छोटी बहन शिवन्या के साथ नवरात्रि का सामान और स्कूल ड्रेस खरीदने के लिए बाजार जा रहा था। इसी दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। तार की चपेट में आने से अभय गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसकी मां व बहन बाल-बाल बच गईं।परिजन आनन-फानन में अभय को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अभय अपने पिता जयवीर सिंह का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के पिता ने बिजली विभाग पर जर्जर तारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली के तारों की मरम्मत और रखरखाव पर ध्यान दिया गया होता, तो उनके बेटे की जान बच सकती थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



