बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खानपुर क्षेत्र के कस्बा में स्थित एक मौहल्ला की रहने वाली विवाहिता के साथ उसके जेठ ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विवाहिता द्वारा विरोध करने पर उसके पति ने मायके लाकर तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने थाने में तहरीर देते हुए कार्रवाही की मांग की है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आपको बता दें कि थाना खानपुर के कस्बा स्थित एक मोहल्ले की महिला ने तहरीर देते हुए बताया कि सितम्बर 2023 को उसका निकाह थाना शिकारपुर के एक युवक के साथ हुआ था। निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ उत्पीड़न शुरू कर दिया। वहीं जेठ विवाहिता पर गंदी नजर रखने लगा। आरोप है कि 15 जनवरी 2024 को उसका पति और अन्य ससुराल के लोग कही बाहर गए हुए थे। तभी जेठ मौका पाकर विवाहिता के कमरे में पहुंच गया और दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विवाहित ने जब मामले की जानकारी से पति को अवगत कराया तो पति ने विवाहिता को मायके छोड़ दिया। इसके बाद मायके में आए ससुरालीजन ने पीड़ित के पिता से दहेज में कार और कीमती सामान की मांग की। विवाहिता के पिता के विरोध करने पर पति ने मायके में ही उसे तीन तलाक दे दिया। थाना प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि मामले में महिला ने थाने में तहरीर दी जिसके बाद पुलिस ने पति, जेठ, जेठानी, भांजी, ससुर व सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।