बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना स्याना कोतवाली क्षेत्र के गांव निखोब के पास शुक्रवार देर रात बाइक और टेंपो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद डेढ़ साल का मासूम बच्चा बाल-बाल बच गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान गांव कमालपुर निवासी 25 वर्षीय योगेंद्र और उनकी 23 वर्षीय पत्नी संध्या के रूप में हुई है। शुक्रवार की देर रात दोनों अपने डेढ़ साल के बेटे प्रिंस के साथ गुरुग्राम से बाइक पर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान निखोब गांव के पास सामने से आ रहे टेंपो से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि योगेंद्र और संध्या गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने योगेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि संध्या की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ के लिए रेफर किया गया हालांकि, मेरठ ले जाते समय रास्ते में संध्या ने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं हादसे में डेढ़ साल का मासूम प्रिंस पूरी तरह सुरक्षित है। दंपती की मौत की खबर परिजनों को मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। देर रात दोनों के शव गांव पहुंचे तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। योगेंद्र और संध्या की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
टेंपो व बाइक की भिड़ंत में दंपती की मौत
RELATED ARTICLES


