बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश चेतन पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी खुर्जा में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, समसपुर चौकी क्षेत्र के कमालपुर रोड पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बुलेट बाइक पर सवार एक युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही युवक बाइक लेकर झाझर रोड की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कमालपुर के जंगल के पास बाइक फिसलने से युवक सड़क पर गिर गया। पुलिस से खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चेतन पुत्र नरेश निवासी बगरई खुर्द थाना खुर्जा देहात के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, चेतन अंकुर चौधरी हत्याकांड में वांछित था। बताया गया है कि 20 अगस्त को चेतन ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंकुर चौधरी के साथ मारपीट की थी। इलाज के दौरान शनिवार को अंकुर चौधरी की मौत हो गई थी। इसके बाद हत्याकांड में नामजद होने पर बुलंदशहर एसएसपी की ओर से चेतन पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की बुलेट बाइक बरामद की है। इस मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। चेतन के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई में जुटी है।
25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, अंकुर चौधरी हत्याकांड में था वांछित
RELATED ARTICLES


