बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना छतारी क्षेत्र में रविवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। डिबाई के गांव दोगवा निवासी 30 वर्षीय कृष्णा नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और रोज की तरह रविवार रात अपनी बाइक से नोएडा के लिए निकले थे। जब कृष्णा नारायणपुर गांव के समीप स्थित डेरी कट पर पहुंचे, तभी अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही बुग्गी में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कृष्णा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घायल कृष्णा को दानपुर पीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।



