बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के बुलंदशहर कोतवाली नगर क्षेत्र में हनी पुत्र जीत निवासी मौसमगढ़ की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी और पुलिस के बीच शनिवार को मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस व बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इसी दौरान पुलिस टीम मामन रोड पर चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिकेत उर्फ नोनी पुत्र सागर निवासी किराये का मकान गिर्रे मास्टर वाल्मीकि बस्ती देवीपुरा थाना कोतवाली नगर बुलंदशहर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस व बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।



