बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना औरंगाबाद कस्बे के मोहल्ला शहीदगढ़ी में बुखार से एक बच्चे की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अवैध क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर भावसी रोड पर छापेमारी की।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लखावटी के प्रभारी डॉ. हरेंद्र सिंह और डॉ. प्रशांत के नेतृत्व में टीम ने भावसी रोड स्थित एक क्लीनिक की जांच की। जांच के दौरान क्लीनिक संचालक के पास इलाज करने से संबंधित वैध प्रमाण पत्र और रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक को तत्काल सील कर दिया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही इलाके में अवैध रूप से क्लीनिक चला रहे अन्य लोगों में भी हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कई लोग अपने क्लीनिक बंद कर मौके से चले गए। पीएचसी लखावटी प्रभारी डॉ. हरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि बिना वैध डिग्री और जरूरी पंजीकरण के मरीजों का इलाज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बीमारी की स्थिति में केवल पंजीकृत और योग्य डॉक्टर से ही इलाज कराएं। विभाग की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने संतोष जताया है।
बुखार से बच्चे की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, अवैध क्लीनिक सील
RELATED ARTICLES


