बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना बुलंदशहर कोतवाली देहात क्षेत्र में नवरात्रि के दौरान सैकड़ों किलो पशु अवशेष मिलने का मामला सामने आने के बाद हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में सोमवार दोपहर करीब दो बजे हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर घेराव किया और क्षेत्र में गोकशी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मामले में कथित रूप से शामिल आरोपियों, मीट फैक्ट्री संचालकों, ट्रांसपोर्टरों और इमलिया गांव के प्रधान के खिलाफ जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून यानी एनएसए के तहत कार्रवाई करने, अवैध संपत्तियों को कुर्क करने और बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो हिंदू समाज आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। प्रदर्शन के अंत में हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सीओ सिटी प्रखर पांडेय को सौंपा। इस दौरान अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
पशु अवशेष मिलने पर भड़के हिंदू संगठन, डीएम कार्यालय का किया घेराव
RELATED ARTICLES


