बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना जहांगीराबाद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। मंगलवार शाम अधिशासी अधिकारी ओम गिरी के नेतृत्व में पालिका टीम ने विभिन्न दुकानों पर अभियान चलाकर दुकानदारों को प्रतिबंधित मांझे की बिक्री नहीं करने की कड़ी चेतावनी दी।
अधिशासी अधिकारी ओम गिरी ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी दुकान पर चाइनीज मांझा बिक्री या भंडारण करते हुए पाया गया तो संबंधित दुकान को सीज कराने के साथ ही आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। कार्रवाई की चेतावनी के बाद दुकानदारों में भी हड़कंप की स्थिति रही।
पालिका अधिकारियों ने बताया कि चाइनीज मांझा बेहद खतरनाक होता है। इससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और आम लोगों के साथ-साथ पक्षियों की जान को भी खतरा बना रहता है। इसी को देखते हुए प्रशासन की ओर से प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की कि वे प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और भंडारण से पूरी तरह दूर रहें और नियमों का पालन करें। पालिका प्रशासन ने साफ किया कि अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान उधम सिंह, अशोक कुमार समेत नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।


