बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): बुलंदशहर के रामघाट थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनूपशहर से ईंटें लेकर नोएडा जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली रगूपुरा के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रामपुर गांव निवासी 19 वर्षीय कालू और 21 वर्षीय अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। दोनों नोएडा में ट्रैक्टर पर मजदूरी करते थे व अनूपशहर से ईंटें खरीदकर नोएडा ले जाकर बेचने का काम करते थे।
बताया गया कि हादसा बुधवार सुबह करीब तीन बजे हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उनकी शिनाख्त कराई व परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। शव गांव पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रामघाट: ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो मजदूरों की मौत
RELATED ARTICLES


