बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के स्याना तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक पुलिस अधिकारी का कुर्सी पर बैठे-बैठे झपकी लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में थाना खानपुर में तैनात दरोगा विनोद समाधान दिवस की कार्यवाही के दौरान आंखें बंद किए बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि फरियादी अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रख रहे थे।
जानकारी के अनुसार, समाधान दिवस में एसडीएम लालजी विश्वकर्मा लोगों की शिकायतों की सुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान मौजूद दरोगा विनोद कुर्सी पर बैठे-बैठे झपकी लेते दिखाई दिए। किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद लोगों ने पुलिस अधिकारी की कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां एक ओर फरियादी अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहीं जिम्मेदार अधिकारी यदि इस तरह लापरवाही बरतें तो जनता का भरोसा प्रभावित होता है।
मामले पर क्षेत्राधिकारी रामकरण सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित पुलिस अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में झपकी लेते दिखे थाना खानपुर के दरोगा विनोद, वीडियो वायरल होने पर जांच के आदेश
RELATED ARTICLES



