बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के चचौई गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बीच 21 वर्षीय युवक निशांत की मौत हो गई। रविवार को जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई थी। उसे इलाज के लिए नोएडा के शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार शाम करीब 7 बजे उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, निशांत अगराई गांव की एक पॉटरी इकाई में मजदूरी करता था। उसका पड़ोस की एक किशोरी से प्रेम प्रसंग था, जिसको लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि गांव में पंचायत के बाद समझौता हुआ था और निशांत को उसकी मौसी के यहां भेज दिया गया था। मामले में किशोरी पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाया था। निशांत के भाई कपिल ने आरोप लगाया कि चौकी पर पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की और धमकाया। परिजनों का दावा है कि इस घटना के बाद निशांत मानसिक तनाव में था। उन्होंने यह भी बताया कि जहरीला पदार्थ खाने से पहले निशांत ने सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाकर अपने माता-पिता से माफी मांगी थी। निशांत की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले खुर्जा के निजी अस्पताल ले गए। इसके बाद उसे बुलंदशहर से नोएडा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने मामले की जांच कराकर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही है। फिलहाल, पुलिस पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



