बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): बुलंदशहर के ऊंचागांव क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान का लिंटर डालने के दौरान सटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में सटरिंग के नीचे दबने से राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को आनन-फानन में जहांगीराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, थाना नरसेना क्षेत्र के गांव कांरौजी में शनिवार को एक निर्माणाधीन मकान के प्रथम तल पर लिंटर डालने के लिए सटरिंग लगाई गई थी। लिंटर डालने का काम चल रहा था, इसी दौरान अचानक सटरिंग गिर गई। हादसे में राजमिस्त्री मलबे के नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद राजमिस्त्री को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सटरिंग गिरने से राजमिस्त्री गंभीर घायल, मलबे में दबने से मची अफरा-तफरी
RELATED ARTICLES


