बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर मे बुधवार को बुलंदशहर के ऐतिहासिक नुमाइश मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे 215 जोड़े विवाह बंधन में बंधे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी निशा ग्रेवाल, सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह, खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह और बुलंदशहर सदर विधायक प्रदीप चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखी दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी मददगार साबित हो रही है। योजना के माध्यम से शादी का खर्च कम होने के साथ ही दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने में भी सहायता मिल रही है। समारोह में सभी वर्गों के जोड़ों का धार्मिक और वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह कराया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता दुल्हनों के बैंक खातों में भेजी गई। इसके अलावा नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए कपड़े, बर्तन, चांदी की पायल, बिछिया सहित अन्य आवश्यक सामान भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को उपहार वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, नवविवाहित जोड़ों के परिजन और अन्य लोग मौजूद रहे। पूरे नुमाइश मैदान में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
जानें दातों की #Scaling कर प्रक्रिया, नि:शुल्क परामर्श हेतु कॉल करें: 7668219093, 9997097671 || विष्णु प्लाजा, हापुड़



