बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना पहासू क्षेत्र के गांव खेड़ा के जंगलों में बुधवार की देर रात तेंदुआ दिखाई देने का मामला सामने आया है। जंगल में तेंदुआ देख एक किसान के होश उड़ गए। किसान के शोर मचाने पर तेंदुआ झाड़ियां की तरफ भाग गया, लेकिन इसी बीच किसान ने मोबाइल में तेंदुए की तस्वीर कैद कर ली।
आपको बता दें कि घटना बुधवार देर रात की है जब एक किसान अपने खेत पर काम कर रहा था तभी उसने नहर किनारे तेंदुए को देखा। तेंदुए को देख किसान के पसीने छूट गए। किसान के शोर मचाने पर तेंदुआ झाड़ियां की ओर भाग गया। ग्रामीण मिंकु चौहान, राजेश पंडित, पुष्पेंद्र चौहान और जितेंद्र पंडित ने तेंदुए की जानकारी मिलने के बाद रात भर जागकर पहरा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में तेंदुए की खबर फैलते ही दहशत का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्यवाही नहीं हुई तो तेंदुआ गांव में घुसकर पशुओं या बच्चों पर हमला कर सकता है। मामले में वन विभाग अधिकारी आदित्य सिंह का कहना है कि उनकी टीम मौके पर जांच कर रही है। तेंदुए के पद चिन्हो की जांच भी कराई जा रही है। जांच के बाद जल्द तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।


