बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी कुमार हर्ष एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने जिला पंचायत सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। बैठक में सभी धर्मों के धर्मगुरुओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं संभ्रांत लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। साथ ही मोहर्रम के दौरान जुलूसों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम व एसएसपी ने कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित
RELATED ARTICLES



