बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के खुर्जा-सिकंदराबाद रोड पर सोमवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बिजली विभाग के टीजी-2 कर्मचारी अजय कुमार की मौत हो गई। ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे अजय कुमार की बाइक को सराय जगन्नाथ-बिलसूरी मार्ग से पहले अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे बिजली विभाग के कर्मचारी नरेंद्र ने पुलिस और विभागीय स्टाफ को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अजय कुमार को उपचार के लिए निजी अस्पताल भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शिकारपुर निवासी 44 वर्षीय अजय कुमार पुत्र महीपाल के रूप में हुई है। वह पिछले करीब तीन वर्षों से खुर्जा-सिकंदराबाद क्षेत्र के बिजलीघर में टीजी-2 के पद पर कार्यरत थे और रोजाना बाइक से ड्यूटी पर आते-जाते थे। अजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अजय कुमार अपने पीछे पत्नी शशि, 13 वर्षीय बेटे अंशु और 15 वर्षीय बेटी प्रियांशी को छोड़ गए हैं। उनकी आकस्मिक मौत से परिवार में शोक की लहर है।
सिकंदराबाद: सड़क हादसे मे बिजली कर्मचारी की मौत
RELATED ARTICLES


