बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के स्याना में दीपावली पर्व की रात स्याना नगर में पटाखे की चिंगारी ने कबाड़ के गोदाम में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम की छत पर रखा कबाड़ का सामान धू-धूकर जलने लगा। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात नगर के स्टेट हाईवे किनारे गढ़-बुलंदशहर रोड स्थित कबाड़ के गोदाम में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि दीपावली पर छोड़े गए पटाखे की चिंगारी गोदाम की छत पर रखे कबाड़ के सामान पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी। गोदाम की छत पर प्लास्टिक के बोरों में भरकर कबाड़ का सामान रखा हुआ था। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
आसमान में उठती आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी राम नारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए स्थिति संभाली। वहीं, दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग बुझने तक गोदाम की छत पर रखा सामान जलकर राख हो चुका था। दुकानदार के मुताबिक, हादसे में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। दीपावली की रात हुए इस अग्निकांड से इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। समय रहते दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास के क्षेत्र में फैलने से बच गई।
स्याना: कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग
RELATED ARTICLES


