बुलंदशहर, डस्क (जय यात्रा):जनपद बुलंदशहर के थाना अहार क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने जनसेवा केंद्र संचालक के खाते में ठगी के 10 हजार रूपए ट्रांसफर कर नकद राशि ले ली, जिसके बाद बैंक ने संदिग्ध लेनदेन के चलते उसका खाता फ्रीज कर दिया।जानकारी के अनुसार, थाना अहार क्षेत्र के गांव दरावर निवासी जनसेवा केंद्र संचालक अमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 3 जुलाई को दोपहर करीब तीन बजे बाइक पर सवार तीन युवक उसके केंद्र पर पहुंचे। आरोपियों ने क्यूआर कोड स्कैन कर उसके बैंक खाते में 10 हजार रूपए भेजे और बदले में 10 हजार रूपए नकद ले लिए।अमित का आरोप है कि उसी शाम उसका बैंक खाता बंद हो गया। बैंक से जानकारी करने पर पता चला कि उसके खाते में जो 10 हजार रूपए आए थे, वह साइबर ठगी की रकम थी। इसी कारण खाते पर प्रतिबंध लगा दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना अहार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्यूआर कोड से 10 हजार रूपए का ट्रांजैक्शन पड़ा भारी, जनसेवा केंद्र संचालक का बैंक खाता हुआ फ्रीज
RELATED ARTICLES


