बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के गोकुल विहार कॉलोनी निवासी तीन दिन से लापता चल रहे 23 वर्षीय युवक का शव अलीगढ़ की गभाना टोल नहर के पास मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र की गोकुल विहार कॉलोनी निवासी अजय माहौर के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। शुरुआत में परिजनों ने अजय की हत्या कर शव नहर में फेंके जाने की आशंका जताई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अजय के साथियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए एक दोस्त ने बताया कि अजय की मौत स्विमिंग पूल में डूबने से हुई थी। हादसे के बाद दोस्त घबरा गए और कानूनी कार्रवाई के डर से उसे अस्पताल ले जाने के बजाय शव को नहर में फेंककर घटना को छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
युवक का शव नहर में मिलने से सनसनी, कानून के डर से दोस्तों ने छिपाया मौत का राज
RELATED ARTICLES



