बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना अगौता क्षेत्र के मालागढ़ के पास से कार सवार बदमाशों ने एक युवक का अपहरण किया और उसे जंगलों में ले गए वहां युवक के साथ मारपीट की गई और उसकी आंख फोड़ दी। उसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां उसकी हालत को गंभीर देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
आपको बता दें कि अख्तियारपुर निवासी सागर राठी पीड़ित युवक 14 अक्टूबर की रात को अपना मोबाइल ठीक कराकर बुलंदशहर से अपने गांव लौट रहा था जैसे ही वह मालागढ़ के पास पहुंचा तो गांव के ही कार सवार बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया। पीड़ित को आरोपी कोतवाली देहात क्षेत्र के ताजपुर अंडरपास के पास ले गए जहां उसके साथ मारपीट की और उसकी आंख फोड़ दी, सिर फाड़ दिया और पैर तोड़ दिया। इसके बाद पीड़ित को आरोपी आसिफाबाद-चंद्रपुरा के जंगल में फेंककर फरार हो गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने पीड़ित को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया जहां से उसे हायर सेंटर मेरठ रेफर किया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



