बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में शुक्रवार की सुबह घने कोहरे के चलते बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज से दिल्ली जा रही श्रद्धालुओं से भरी रोडवेज बस कोहरे के कारण ट्रक से टकरा गई जिससे बस के पीछे आ रहा एक ऑटो भी बस में घुस गया। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं। आपको बता दें कि हादसा बुलंदशहर के देहात कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। कोहरा होने के कारण रोडवेज बस की ट्रक से टक्कर हो गई। इस दौरान बस के पीछे आ रहा ऑटो भी नियंत्रण खो बैठा और सीधे बस में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों ओर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। जबकि बाकी घायलों का इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार ऑटो में तीन लोग सवार थे, जो घायल हो गए पांच लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को हायर सेंटर रेफर किया गया वहीं आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर डीएम श्रुति शर्मा, एडीएम अभिषेक सिंह, एसपी श्लोक कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस मामले की जांच कर रही है।