बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के कबूतर पैंठ के निकट स्थित मुरारी नगर में मंगलवार को मोम और दियों से भरे एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि पास के एक मकान तक पहुंच गईं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम में बड़ी मात्रा में मोम और दीये रखे हुए थे, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। आसपास के लोगों ने अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों का रुख किया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। दमकल और पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
मोम और दियों के गोदाम में भीषण आग, पांच दमकल गाड़ियां घंटों से जुटी
RELATED ARTICLES



