बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना पहासू क्षेत्र में मंगलवार को नारी वंदन अधिनियम लागू न होने को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का गुस्सा सड़कों पर नजर आया। कार्यकर्ताओं ने जनाक्रोश रैली निकालकर केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन किया और विपक्ष पर महिलाओं के हक में बाधा डालने का आरोप लगाया। रैली में बड़ी संख्या में शामिल महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव और राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका। महिला मोर्चा पदाधिकारियों का कहना था कि नारी वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, लेकिन विपक्षी दल इसे लागू होने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं। रैली पहासू के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
नारी वंदन अधिनियम लागू न होने पर फूटा गुस्सा, भाजपा महिला मोर्चा का जनाक्रोश मार्च
RELATED ARTICLES



