बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना बीबीनगर क्षेत्र में रात के अंधेरे में अवैध खनन किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों में जेसीबी मशीनों से खुदाई की जाती है और खनन सामग्री से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़कों पर दौड़ती हैं। हैरानी की बात यह है कि त्योहारों के दौरान अधिकारियों की गश्त और पुलिस पिकेट होने के बावजूद इन गतिविधियों पर लगाम नहीं लग पा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, रात होते ही जेसीबी मशीनों से खेतों में खुदाई शुरू हो जाती है। इसके बाद बिना नंबर प्लेट या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खनन सामग्री लेकर निकलती हैं। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कुछ लोगों ने मिलीभगत की आशंका भी जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से गांव की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को हादसे का खतरा बना रहता है। वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से उड़ने वाली धूल के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।अब ग्रामीणों ने प्रशासन से रात में होने वाले खनन की जांच कराने और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बीबीनगर: रात के अंधेरे में अवैध खनन का आरोप, ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से ग्रामीण परेशान
RELATED ARTICLES


