बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर से उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। सांसद डॉ. भोला सिंह के प्रयासों के बाद बरेली-इंदौर एक्सप्रेस का डिबाई रेलवे स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत हो गया है। जल्द ही ट्रेन का डिबाई में अप-डाउन दोनों दिशाओं में ठहराव शुरू होने की उम्मीद है।
सांसद डॉ. भोला सिंह ने बताया कि उन्होंने 16 मार्च को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर लोकसभा क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग की थी। पत्र में विशेष रूप से बरेली से इंदौर के बीच संचालित बरेली-इंदौर एक्सप्रेस का डिबाई रेलवे स्टेशन पर ठहराव दिए जाने की मांग की गई थी। सांसद ने पत्र में क्षेत्र के लोगों की सुविधा और जिलेभर से उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की समस्याओं का हवाला देते हुए ट्रेन के ठहराव की आवश्यकता बताई थी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद के पत्र पर संज्ञान लेते हुए डिबाई रेलवे स्टेशन पर बरेली-इंदौर एक्सप्रेस के ठहराव को स्वीकृति दे दी है। इस संबंध में रेल मंत्री की ओर से पत्र भी जारी किया गया है।
बताया गया है कि जल्द ही बबराला से अलीगढ़ के बीच चलने वाली बरेली-इंदौर एक्सप्रेस का डिबाई स्टेशन पर अप और डाउन दोनों दिशाओं में ठहराव शुरू हो जाएगा। ट्रेन के ठहराव से डिबाई और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। खासकर उज्जैन जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधे रेल सफर का बेहतर विकल्प उपलब्ध हो सकेगा। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव शुरू होने के बाद क्षेत्र के लोगों को न केवल उज्जैन बल्कि इंदौर और मार्ग में पड़ने वाले अन्य प्रमुख शहरों की यात्रा में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
उज्जैन महाकाल जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी, डिबाई में रुकेगी बरेली-इंदौर एक्सप्रेस
RELATED ARTICLES


