बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना छतारी क्षेत्र के गांव लालगढ़ी में तालाब में एक बड़े मगरमच्छ के दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल था। मगरमच्छ के डर से लोग तालाब के आसपास जाने से बच रहे थे और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई थी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पिंजरे में कैद कर लिया। रेस्क्यू अभियान सफल होने के बाद वन विभाग की टीम मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद गांव वालों ने राहत की सांस ली।


