बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा देहात क्षेत्र में एक प्राथमिक विद्यालय में स्कूल स्टाफ की बड़ी लापरवाही सामने आई है। छुट्टी होने के बाद शिक्षक कक्षा का ताला लगाकर चले गए, जबकि कक्षा-1 का एक मासूम छात्र अंदर ही बंद रह गया। करीब डेढ़ घंटे तक बच्चा क्लासरूम में रोता रहा। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ताला तोड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। परिजनों ने थाने में तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कक्षा-1 का छात्र सोहम पुत्र सोनू स्कूल की छुट्टी के बाद किसी कारणवश कक्षा के अंदर ही रह गया। स्कूल स्टाफ ने बिना जांच किए क्लासरूम में ताला लगा दिया और विद्यालय से चले गए। जब काफी देर तक बच्चा घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों को विद्यालय से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर क्लासरूम का ताला तोड़ा और मासूम को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद परिजनों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। पुलिस के अनुसार, कक्षा-1 का छात्र सोहम स्कूल स्टाफ की लापरवाही के चलते कक्षा में बंद रह गया था। परिजनों ने उसे विद्यालय के अंदर बंद अवस्था में पाया और गेट का ताला तोड़कर बाहर निकाला। मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
स्कूल स्टाफ की लापरवाही से छुट्टी के बाद क्लासरूम में बंद रह गया मासूम छात्र, ग्रामीणों ने ताला तोड़कर निकाला
RELATED ARTICLES


