बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना बुलंदशहर नगर के देवीपुरा प्रथम क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक नलकूप पर मोटर चलाने पहुंचा था, तभी वह बिजली की चपेट में आ गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार,देवीपुरा प्रथम निवासी 26 वर्षीय जीतू शुक्रवार को इलाके में स्थित नलकूप पर मोटर चलाने गया था। इसी दौरान उसे तेज करंट लग गया। करंट इतना जोरदार था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए जिसके बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित नलकूप पर कोई कर्मचारी तैनात नहीं है। ऐसे में कॉलोनी के निवासी ही जरूरत पड़ने पर मोटर चालू और बंद करते हैं। लोगों का कहना है कि यदि नलकूप पर नियमित कर्मचारी मौजूद होता तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।
घटना के बाद नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने नलकूपों की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की तैनाती को लेकर जांच की मांग की है।
वहीं, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
करंट का कहर: नलकूप चलाने गए युवक की दर्दनाक मौत, नगर पालिका की लापरवाही पर उठे सवाल
RELATED ARTICLES



