बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में शिकारपुर क्षेत्र के गांव पारोली के पूर्व ग्राम प्रधान सुनील कुमार राघव का शव चार दिन बाद काली नदी से बरामद होने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। दो बार ग्राम प्रधान रह चुके सुनील राघव चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे जिसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी।
आपको बता दें कि सलेमपुर पुलिस पिछले चार दिनों से काली नदी में लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही थी। शनिवार को शिकारपुर क्षेत्र के फरीदपुर जंगल के पास काली नदी में एक शव दिखाई देने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया जिसकी पहचान पूर्व प्रधान सुनील कुमार राघव के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम, सलेमपुर और शिकारपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूर्व प्रधान का शव मिलने की खबर से पारोली गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सुनील राघव दो बार ग्राम प्रधान रह चुके थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
चार दिन बाद काली नदी में मिला पूर्व प्रधान सुनील राघव का शव, गांव में पसरा मातम
RELATED ARTICLES


