बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद कानपुर की युवती के अपहरण और हत्या के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए अस्पताल संचालक, एम्बुलेंस चालक और एक सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर यौन शोषण के मामले से आक्रोशित होकर इस वारदात को अंजाम दिया और हत्या के बाद शव को बुलंदशहर जिले में हाईवे किनारे फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार, कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण एवं हत्या के मामले की जांच के दौरान तीनों आरोपियों की भूमिका सामने आई। आरोप है कि अस्पताल संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवती की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को काफी दूर ले जाकर बुलंदशहर जनपद में फेंक दिया गया। बुलंदशहर पुलिस ने बताया कि 23 मई 2026 को थाना जहांगीराबाद क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था, जो कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर पहचान के प्रयास शुरू किए थे। बाद में मृतका की शिनाख्त उसके परिजनों द्वारा कर ली गई। जांच के दौरान मामला कानपुर के बर्रा थाने में दर्ज अपहरण प्रकरण से जुड़ा मिला। इसके बाद कानपुर पुलिस ने गहन पड़ताल करते हुए अस्पताल संचालक, एम्बुलेंस चालक और गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हत्या की पूरी साजिश का खुलासा होने का दावा किया गया है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ कानपुर में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कानपुर की युवती की हत्या का खुलासा: अस्पताल संचालक समेत तीन गिरफ्तार, शव बुलंदशहर में फेंका था
RELATED ARTICLES



