बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक पाइप निर्माण फैक्ट्री में काम करने के दौरान हादसे में घायल हुए श्रमिक की उपचार के दौरान मौत हो गई। श्रमिक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, खुर्जा क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी 30 वर्षीय आरिफ मलिक पुत्र निसार मलिक फैक्ट्री में काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, शनिवार को ड्यूटी के दौरान पैर फिसलने से आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल नवीन अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल रेफर कर दिया। यहां देर शाम उपचार के दौरान आरिफ ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बताया गया कि करीब चार माह पहले आरिफ के भाई आसिफ मलिक की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। परिवार अभी उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब आरिफ की मौत ने परिजनों को गहरे दुख में डाल दिया। बताया गया कि आरिफ क्षेत्र के चंदेरू-बिलसूरी स्थित बिजली उपकेंद्र पर संविदाकर्मी भी थे। चौकी प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से हादसे की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है।


