बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना स्याना कोतवाली क्षेत्र के गांव बडढा वाजिदपुर में रविवार देर रात आटा चक्की से अनाज चोरी का मामला सामने आया। चक्की पर सो रहे मालिक की सतर्कता से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गांव निवासी अमित ने बताया कि 26 जुलाई की रात वह अपनी आटा चक्की पर सो रहे थे। देर रात चक्की से आवाज आने पर उनकी नींद खुल गई। बाहर निकलकर देखा तो दो युवक मोटरसाइकिल पर अनाज के कट्टे लादकर ले जा रहे थे। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


