बुलंदशहर, डस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के सुभाष मार्ग स्थित जिम पर हुए तिहरे हत्याकांड में अब मृतक के परिवारजन सीएम का दरवाजा खटखटा रहे हैं। मृतक के परिजन सीएम से मुलाकात कर आर्थिक मदद और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करने की मांग करेंगे। वहीं सोमवार को सीओ शोभित कुमार मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे जहाँ मृतकों के परिजनों ने चार वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
आपको बता दें कि 25 अप्रैल की रात को सुभाष मार्ग पर स्थित आरजेएस फिटनेस जिम पर जीतू सैनी के जन्मदिन की पार्टी के दौरान विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया था कि जीतू सैनी और उसके दस साथियों ने जिम में मौजूद 32 वर्षीय मनीष, मनीष के चचेरे भाई 35 वर्षीय अमरदीप और भतीजे 20 वर्षीय आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी मच गई थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। अब मृतक मनीष के भाई व पूर्व सभासद संजय सैनी ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों को जल्द और सख्त सजा के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आर्थिक मदद की गुहार लगाई जाएगी। इसके लिए मृतक के परिजन जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर रहे हैं जिनके माध्यम से मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी।
तिहरे हत्याकांड: मृतक के परिजन आर्थिक मदद के लिए खटखटा रहे मुख्यमंत्री का दरवाजा
RELATED ARTICLES



